खैरागढ़। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे गांजा तस्कर को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी करीब पांच माह से पुलिस की पकड़ से दूर था। लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एवाई 1539 में अवैध रूप से गांजा लेकर ग्राम मंडला से बाजार अतरिया की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर खैरागढ़ पुलिस ने बाजार अतरिया के पास नाकाबंदी की।नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल से तीन पैकेटों में कुल 6.015 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 61 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल सहित कुल 1.11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। खैरागढ़ पुलिस की लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 8 जून 2026 को आरोपी दुर्गेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

