बुम्बा डांस, योग, रस्साकशी और छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत से सजा आयोजन, हर रविवार सुबह होगी ‘मस्ती की पाठशाला’

खैरागढ़। राजधानी की तर्ज पर खैरागढ़ में शुरू हुई ‘मस्ती की पाठशाला’ ने पहले ही दिन शहरवासियों का दिल जीत लिया। रविवार सुबह अटल उद्यान में आयोजित इस अनूठे पारिवारिक आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। पूरे उद्यान में उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का ऐसा माहौल रहा कि यह आयोजन शहर के लिए किसी उत्सव से कम नहीं लगा। नगर गार्डन ग्रुप खैरागढ़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह जोश और उमंग के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा शामिल हुईं। उन्होंने नागरिकों और बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में बुम्बा डांस, रस्साकशी, योग, ध्यान, मनोरंजक खेल, म्यूजिक एक्टिविटी तथा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीत-संगीत ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। संगीत की धुनों पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ थिरकते नजर आए। सुबह की ताजगी और आनंदमय वातावरण ने अटल उद्यान को खुशियों के केंद्र में बदल दिया।बच्चों के लिए लगाए गए जंपिंग जम्प विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जहां उन्होंने जमकर मस्ती की। वहीं अभिभावकों ने भी परिवार के साथ यादगार पल बिताए। आयोजन में सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक सहभागिता का अनूठा नजारा देखने को मिला। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि मस्ती की पाठशाला केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और परिवारों को साथ समय बिताने का सुंदर माध्यम है। ऐसे आयोजन लोगों को तनावमुक्त होने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। आयोजन की सफलता में नगर गार्डन ग्रुप के सदस्य अरुण भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं सदस्य अरुण रंगलानी ने बताया कि यह आयोजन अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक अटल उद्यान में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जहां शहरवासी परिवार सहित पहुंचकर स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप का आनंद ले सकेंगे।

