कारणों का नहीं चला पता, पुलिस जांच में जुटी
खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार तड़के घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक शीतल यादव खैरागढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा इलाके में अपनी पत्नी और बेटी के साथ निवास करते थे। शुक्रवार रात परिवार के अन्य सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे, जबकि शीतल यादव हॉल में सोए हुए थे। शनिवार सुबह लगभग चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गईं और घर से बाहर निकलकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के इस तरह अचानक निधन से पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक व्याप्त है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

