खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अंतर्गत आने वाली सेवा सहकारी समिति डोकराभाठा में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितता और खाद घोटाले का मामला सामने आया है। सोमवार को सैकड़ों किसानों ने जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर दास के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

किसानोंका आरोप है कि समिति के तत्कालीन प्रबंधक विवेक कुमार मिश्रा एवं वर्तमान प्रभारी जगमोहन जोशी ने आपसी मिलीभगत से किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक का अतिरिक्त खाद वितरण और केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) कर्ज दर्ज कर दिया है। पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने जितनी खाद सामग्री ली ही नहीं, उससे कहीं अधिक राशि उनके खातों में दिखाकर वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने तत्काल जांच टीम गठित कर दी है और संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही फर्जी कर्ज हटाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल इस पूरे मामले ने सहकारी व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


