खैरागढ़। छत्तीसगढ़ सरकार के हालिया बजट को लेकर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष कोमल साहू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जैसे नवगठित जिले के विकास के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया जिससे क्षेत्रवासियों में निराशा है।कोमल साहू ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिले के लिए कोई स्पष्ट योजना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ क्षेत्र में बांस की प्रचुर उपलब्धता है, जिसके आधार पर उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार दिया जा सकता था लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की गई है। धान उत्पादन में वृद्धि के बावजूद खरीदी में कमी से किसानों को नुकसान हो रहा है वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर भी कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिया गया है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि बजट में घोषणाएं तो बहुत की गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्ययोजना नहीं दिखाई देती। इससे स्पष्ट है कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता की समस्याएं शामिल नहीं हैं। उन्होंने अंत में कहा कि यह बजट खैरागढ़ जिले की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है और लोगों को इससे अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
Loading...

