अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, नागपुर से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़/छुईखदान। छुईखदान में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा सहित करीब 44.75 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच वार्ड नंबर 8 जैन मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय शांति लाल जैन की सोने-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे जेवरात पार कर दिए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों और चोरी गए माल की लगातार तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने महेन्द्र साहु (26), निवासी रामपुर नवागांव, थाना छुईखदान, अक्षय गुरूवे (21) और अनिकेत मेश्राम (25), दोनों निवासी नागपुर, महाराष्ट्र, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों से चोरी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
22 किलो से अधिक चांदी और सोने के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपी महेन्द्र साहु के कब्जे से चांदी के लच्छे, करधन, सांटी, ऐंठी, नागमोरी, सुतिया, पैरी सहित अन्य चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद चांदी का वजन करीब 21 किलो 800 ग्राम, जिसकी कीमत करीब 22 लाख रुपए, तथा सोने के कान के टॉप सहित करीब 3.6 ग्राम सोना, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 121 रुपए नगद और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। वहीं आरोपी अक्षय गुरूवे के कब्जे से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए, तथा वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की बिना नंबर की होंडा एक्टिवा कीमत करीब 35 हजार रुपए बरामद की गई। आरोपी अनिकेत मेश्राम से भी करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है, बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में केसीजी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

