पैलीमेटा। देश की सरहद पर तैनात सैनिक हों या देश के भीतर नागरिकों की सुरक्षा में जुटे पुलिस जवान, कर्तव्य के चलते इन्हें अक्सर अपने परिवार और त्योहारों से दूर रहना पड़ता है। रक्षाबंधन के अवसर पर जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें यह एहसास कराया गया कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इसी भाव के साथ पैलीमेटा आरक्षी केंद्र में भाजपा नेत्री एडवोकेट रविता नागवंशी एवं उनकी टीम द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस जवानों एवं अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा गया। इस दौरान जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जवानों ने भी इस पहल को भावुक कर देने वाला बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान परिवार से दूर रहने पर ऐसे आयोजन उन्हें अपनेपन का एहसास कराते हैं। रक्षा सूत्र ने जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ यह संदेश भी दिया कि नागरिकों की सुरक्षा में दिन-रात डटे रहने वाले पुलिसकर्मी समाज के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भाजपा नेत्री एडवोकेट रविता नागवंशी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का भी अवसर है। जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र उनके प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।
Loading...

