घाघरा कैम्प का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया वृक्षारोपण
खैरागढ़। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने बुधवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। आईजी ने लंबित अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में आईजी ने विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने कहा। आईजी ने जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में सतत पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
घाघरा कैम्प का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने घाघरा कैम्प का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैम्प की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जवानों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने कहा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया वृक्षारोपण
जिला भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
