खैरागढ़। जिला केसीजी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच खैरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सूने मकानों में दिनदहाड़े चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 3 लाख 95 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 45/2026 तथा चौकी जालबांधा थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत प्रकण दर्ज किया गया था। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305-ए एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले में प्रार्थी सुनिल साहू, निवासी उदयपुर (थाना छुईखदान) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी को खेत से लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और अलमारी से करीब 30 हजार रुपये नगद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। इसी तरह ग्राम बफरा निवासी रेखचंद साहू ने भी घर का ताला तोड़कर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए केसीजी पुलिस द्वारा थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा और साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी के पैटर्न के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू पर संदेह हुआ, जो हाल ही में जेल से छूटकर आया था। पुलिस ने ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) एवं दिलेश्वर साहू (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने उदयपुर, बफरा सहित अन्य स्थानों में सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चौकी लिटिया दुर्ग क्षेत्र के ग्राम बिरेझर में भी चोरी करना कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामग्री में 12 नग सोने के लॉकेट, सोने के टॉप्स, ईयरिंग, चांदी के पायल, लच्छा, करधन, बिछिया, कड़ा सहित नगदी रकम शामिल है। साथ ही एक मोटरसाइकिल और चोरी में प्रयुक्त औजार भी जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

