अहमदाबाद के ओढव क्षेत्र में दबिश देकर नाबालिग को किया दस्तयाब, दुष्कर्म की धाराओं के तहत आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने गुजरात के अहमदाबाद में दबिश देकर एक नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीती 27 मार्च 2026 को प्रार्थी ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो अपनी नानी के घर आई हुई थी, अचानक लापता हो गई है। प्रार्थी ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 133/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की जो अहमदाबाद गुजरात में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अहमदाबाद के लिए रवाना हुई।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
दिनांक 14 अप्रैल को खैरागढ़ पुलिस ने अहमदाबाद के ओढव थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिनाथ गोकुलनगर सोसायटी में घेराबंदी कर दबिश दी। यहाँ पुलिस ने आरोपी पिंटू बंजारे उम्र 18 वर्ष निवासी डोकराभाठा को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया।
दुष्कर्म की पुष्टि, आरोपी जेल दाखिल
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले में दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 16 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हम लापता बच्चों की सुरक्षित घर वापसी के लिए प्रतिबद्ध हैं। खैरागढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।


