
खैरागढ़। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मवेशी, दो पिकअप वाहन सहित कुल 7 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 जून को जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान ग्राम बिरखा स्थित घटियारी मंदिर के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक CG 09 JC 2599 को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में 5 बैल और 1 पांडा सहित कुल 6 मवेशी बिना चारा-पानी के ठूंसकर भरे हुए पाए गए। पुलिस ने मवेशियों की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत 3 लाख रुपये जप्त कर कुल 3 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की। मामले में दयाराम पटेल, तोरन बाहेश्वर और अश्वन पंचेश्वर को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसी दौरान दूसरे प्रकरण में पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक CG 08 V 6379 से अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करते हुए महेन्द्र पटेल, कमलेश पटेल, पाण्डव पटेल और रोहित पंचतिलक को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 बैल और 2 पांडा सहित 4 मवेशी तथा एक पिकअप वाहन जप्त किया गया। इस प्रकरण में 3 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई। दोनों मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 मवेशी एवं दो पिकअप वाहन सहित कुल 7 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

