खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में अधोसंरचना मद से निर्मित ईतवारी बाजार एवं टिकरापारा के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के आबंटन को लेकर राजनीति गरमा गई है। शहर कांग्रेस कमेटी ने इस मुद्दे को आगामी सामान्य सभा की बैठक में शामिल करने की मांग करते हुए नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर कहा है कि पिछले दो वर्षों में बने इन कॉम्प्लेक्स का अब तक पात्र हितग्राहियों को आबंटन नहीं किया गया है जब कि नगर पालिका द्वारा सर्वे कर सूची भी तैयार की जा चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई न होने से छोटे और फुटकर व्यापारी सड़कों पर दुकान लगाने को मजबूर हैं जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है। बताया गया कि इस संबंध में पहले भी कई बार नगर पालिका और जिला प्रशासन को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। वहीं पार्षद दीपक देवांगन ने 6 अप्रैल 2026 को इस मुद्दे को सामान्य सभा की बैठक में शामिल करने हेतु आवेदन दिया था लेकिन 22 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक की जारी विषय सूची में इसे शामिल नहीं किया गया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, महामंत्री शेखर दास वैष्णव एवं नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी है कि यदि इस जनहित के मुद्दे को सामान्य सभा की सूची में शामिल नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्षदों एवं पात्र हितग्राहियों के साथ नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। साथ ही सामान्य सभा में भी इस मुद्दे पर जवाब मांगा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर के हित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का आबंटन सुनिश्चित किया जाए और इस विषय को सामान्य सभा की बैठक में शामिल किया जाए।
Loading...


