खैरागढ़। सूत सारथी समाज खैरागढ़ द्वारा परम पूज्य सुमंत जी महाराज की जयंती के अवसर पर 22 फरवरी 2026, रविवार को भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे मंगल कलश के साथ भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसने नगर में धार्मिक वातावरण निर्मित कर दिया।

इसके पश्चात संध्या 4 बजे सुमंत जी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शाम 5 बजे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ तथा रात्रि 7 बजे से महाप्रसादी प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजकुमारी शाताक्षी सिंह, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन एवं पूरन सारथी तथा वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा की पार्षद पुष्पा सिन्दुर शामिल रहीं। जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुमंत महाराज, राजा दशरथ के अत्यंत प्रिय सहयोगी एवं मंत्री थे जिनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायी है।

वहीं भागवत शरण सिंह ने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि सारथी समाज के युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त कर बड़े पदों तक पहुंचना चाहिए। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि दाऊचौरा में दाऊ बाबा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है और सारथी समाज अपने कर्म और एकजुटता के बल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें लगातार तीन बार जीत दिलाई है, जिसके लिए वे स्वयं को समाज का ऋणी मानते हैं। उन्होंने समाज भवन के निर्माण के बाद अब आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया तथा समाज के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा भी की। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों एवं छात्रों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुजीत सारथी, चैनू सारथी, मंगल सारथी, राधेकिशन सारथी, केशव सारथी, अशोक सारथी, गिरीश सारथी, पदमनी सारथी, दीपा सारथी, सुनिता सारथी, सरस्वती सारथी, मनोज बैद, यतेंद्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

