पेट्रोल सैकड़ा पार, जनता पर क्यों अत्याचार के नारों से गूंजा खैरागढ़
खैरागढ़ एक्सप्रेस- मनोहर सेन। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ता किल्लापारा स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के पास धरना दिया। इस बीच पुलिस प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति भी बनी, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया। “पेट्रोल सैकड़ा पार, जनता पर क्यों अत्याचार” और “डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम, कैसे चले आम इंसान का काम” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव तक पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे गए, लेकिन चुनाव खत्म होते ही कीमतों में बढ़ोतरी कर जनता पर बोझ डाल दिया गया। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं से दूर केवल टैक्स वसूली में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर सीधे पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल कीमतों में कमी कर जनता को राहत दे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी आगे बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीलांबर वर्मा, दीपक देवांगन, महिला जिलाध्यक्ष आरती महोबिया, सूर्यकांत यादव, भरत चंद्राकर, अरशद खान, महिला शहर अध्यक्ष अनुभा चंद्राकर, शेखर दास वैष्णव, पूरन सारथी, महेश यादव, मोहित भांडेकर, किशन रजक, भूपेंद्र वर्मा, सूरज देवांगन, रतन सिं्घी, आकाश सिंह, कन्हैया रजक, ईश्वरी वर्मा, राहुल बंजारे, जितेंद्र रजक, रजा लहरे, विनोद सिन्हा, हरी दर्शन ढीमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


