खैरागढ़। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक मंगलवार को भारद्वाज भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों पर किए गए कार्यों की समीक्षा तथा आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों की लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने पिछले चार माह के दौरान संगठन द्वारा किए गए जनहित कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बिजली संकट, घरेलू गैस की बढ़ती कीमतें, लालपुर स्टॉप डैम, यात्री प्रतीक्षालय, सड़क, बिजली एवं पेयजल व्यवस्था जैसे मुद्दों को लगातार उठाकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। नगर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा लंबे समय से लंबित बायपास निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए भी संगठन द्वारा निरंतर प्रयास किए गए जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मरीजों की समस्याओं और अन्य जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाकर आम जनता की आवाज बनने का प्रयास किया है। संगठन का उद्देश्य जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए दबाव बनाना है। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भी रणनीतिक चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और जनसरोकारों के मुद्दों के बल पर कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। बैठक में संगठन की एकजुटता, समन्वय और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में दीपक देवांगन, सुरेंद्र शर्मा, किशन रजक, रविंद्र सिंह गहेरवार, यतेंद्रजीत सिंह, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, मोहित भोंडेकर, श्रद्धा अग्रवाल, लता प्रजापति, सबाना खान, गीता यादव, संत निषाद, गिरीश सारथी,कन्हैया रजक, जीतेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Loading...

