खैरागढ़। जिले में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरागढ़ क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत का दांव लगवाने की सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इतवारी बाजार स्थित संजीत मेन्स वियर और बजरंग होटल के सामने घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संजीत कुमार उम्र 30 वर्ष निवासी मुतेड़ा नावगांव और महेन्द्र कुमार देवांगन उम्र 25 वर्ष निवासी मुतेड़ा नावगांव को सट्टा-पट्टी लिखते हुए मौके पर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2100 नगद और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 182/2026 एवं 183/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Loading...

