कलेक्टर ने स्वयं दवा खाकर किया शुभारंभ, 25 फरवरी तक चलेगा अभियान

खैरागढ़। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 10 से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू हो गया है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्टर सभागृह में स्वयं दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया तथा जिलेवासियों से फाइलेरिया हाथीपांव से बचाव के लिए अनिवार्य रूप से दवा लेने की अपील की। कलेक्टर ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलने वाला गंभीर रोग है जिसका प्रभावी उपचार नहीं है, इसलिए बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है।

अभियान के तहत विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं रेडक्रॉस चेयरमैन विक्रांत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में दवा सेवन कर लोगों को जागरूक किया। जिले की 4,36,943 जनसंख्या में से लगभग 3,93,249 पात्र लोगों को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों द्वारा दवा सेवन कराया जाएगा। इसके लिए 810 प्रशिक्षित दवा प्रशासक दल, 806 बूथ और 16 स्वास्थ्य केंद्रों में एमडीए कॉर्नर बनाए गए हैं। बिहान समूह द्वारा भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी व स्कूलों में बूथ लगेंगे, 13 से 23 फरवरी तक घर-घर दवा वितरण होगा तथा 24-25 फरवरी को छूटे लोगों को दवा दी जाएगी। 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर बीमार व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी पात्र लोगों को डीईसी व एलबेंडाजोल दवा निःशुल्क दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं दवा लें और दूसरों को भी प्रेरित करें, ताकि जनभागीदारी से जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

