खैरागढ़। दाऊचौरा वार्ड नंबर 16 में सफाई व्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद पार्षद एवं लोकनिर्माण सभापति विनय देवांगन एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने नगरपालिका कर्मचारियों के साथ वार्ड का दौरा कर नालियों की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा नालियों को पाट दिया गया है।

जिससे पानी सड़क पर बह रहा है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने ऐसे स्थानों से शीघ्र मलबा हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान विनय देवांगन ने वार्डवासियों से अपील की कि कचरा नालियों या सड़कों पर न डालें, बल्कि उसे एकत्र कर सफाई कर्मियों को दें, ताकि स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग के बिना वार्ड या शहर को स्वच्छ रखना संभव नहीं है। खबर के बाद पार्षद की सक्रियता से वार्ड में सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


