खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 30 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है।थाना खैरागढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 144/1992, धारा 379 भादवि के आरोपी अफसर अली पिता असरफ अली, निवासी रूवाबांधा सेक्टर-6 (रिसाली), भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) जमानत मिलने के बाद लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खैरागढ़ पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान 17 फरवरी 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन दशक से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Loading...

