खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत अंतिम प्रकाशन जारी कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले की अद्यतन मतदाता सूची की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ एवं 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) के अंतर्गत पुनरीक्षण कार्य पूर्ण किया गया। प्रक्रिया के दौरान नो-मौपिंग के 1831 प्रकरणों की सुनवाई कर नियमानुसार निराकरण किया गया, वहीं लॉजिकल एरर से संबंधित 73,428 प्रकरणों का भी समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया गया।
पूर्व में 6 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम सूची में जिले में कुल 2,99,810 मतदाता दर्ज थे। SIR प्रक्रिया के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं अनुपस्थित 19,441 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक सूची में कुल 2,80,369 मतदाता रहे। वर्तमान अंतिम प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 73-खैरागढ़ में 2,16,900 तथा 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) में 70,210 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार जिले में कुल 2,87,110 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गया है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकता है। इसी प्रकार नाम विलोपन या विवरण संशोधन के लिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निरंतर जारी रहेगी, ताकि सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रेस वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, भाजपा से शशांक ताम्रकार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोमल साहू, आम आदमी पार्टी से संतोष यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन कर्मचारी एवं मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

