खैरागढ़। नगर के पिपरिया वार्ड में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संत असंग देव के सुखद सत्संग कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और भक्तिमय माहौल में प्रवचनों का लाभ लिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान संत असंग देव के प्रवचनों को श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक सुना और जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

पूरे आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय संत असंग देव का खैरागढ़ आगमन क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि संतों के सत्संग से मानव जीवन को सही दिशा मिलती है तथा व्यक्ति को सेवा, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में आध्यात्मिक कार्यक्रम मानसिक शांति प्रदान करते हैं और समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं। सत्संग कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, पूर्व अध्यक्ष घम्मन साहू, दिनेश वर्मा, राकेश ठाकुर, प्रकाश वर्मा, राजू जंघेल, हर्ष वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांत, अनुशासित एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।


