खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में चल रही कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का बड़ा असर देखने को मिला है। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रभारी कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें उनकी मूल पदस्थापना अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर वापस भेज दिया है। शासन के इस निर्णय के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत थे। कर्मचारियों ने डॉ.तिवारी पर मानसिक उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। साथ ही गलत वरिष्ठता सूची, पदोन्नति, समयमान वेतनमान, पेंशन तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी थी। इसी क्रम में कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल स्थल पर विश्वविद्यालय प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए सामूहिक सुंदर कांड पाठ भी किया। हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय में प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं जिससे विद्यार्थियों और अन्य कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। शासन के निर्णय का कर्मचारियों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि उनकी अन्य लंबित मांगों का भी जल्द समाधान किया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आगे की व्यवस्था को लेकर चर्चा जारी है।
Loading...

