खैरागढ़। ग्राम जंजगीरी, जिला दुर्ग में मुस्लिम समुदाय के शव दफनाने को लेकर उत्पन्न विवाद तथा भिलाई क्षेत्र में सामुदायिक भवन को लेकर बने तनावपूर्ण माहौल को लेकर खैरागढ़ में भी आवाज उठने लगी है। इन घटनाओं को सामाजिक सौहार्द, कानून-व्यवस्था एवं संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, सुरक्षा तथा धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए खैरागढ़ रजा यूनिटी फाउंडेशन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। संस्था के पदाधिकारियों ने खैरागढ़ के डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उक्त घटनाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों एवं समुदाय को सुरक्षा, आवश्यक सहायता एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी प्रशासनिक कदम उठाए जाएं तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए नियमित रूप से शांति एवं समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं। इस दौरान खैरागढ़ रजा यूनिटी फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष अल्ताफ अली, महामंत्री सादिक मेमन, उपाध्यक्ष रियाज खान, इदरीश खान, इमरान उद्दीन अशरफी, मैनुद्दीन खान, राशिद खान, कबीर कुरैशी, अयूब सोलंकी, मतीन अशरफी, बबलू खान, जफर, झाड़ू, इश्क खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहे।
Loading...

