खैरागढ़. आज तड़के सुबह करीब 5 बजे महाराष्ट्र से आलू लोड कर रायपुर की ओर जा रही ट्रक क्रमांक MH A0 CT 5812 खैरागढ़ जिले के ग्राम करमतरा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर आलू बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। ट्रक पलटने के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Loading...
