खैरागढ़। ब्लॉक के ग्राम नवागांवकला स्थित चेन्द्री माता मंदिर के समीप मितानिनों द्वारा स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मितानिन बहनों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने मितानिन बहनों को सम्मानित किया और कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे सशक्त और भरोसेमंद कड़ी मितानिन बहनें हैं। उन्होंने कहा कि शासन की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की धुरी मितानिन बहनें हैं और सरकार उनके हर प्रयास के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
सम्मेलन के दौरान मितानिनों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र में स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों से अवगत कराया। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनजागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मितानिनों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वय और सहयोग को आवश्यक बताया तथा सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया। इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन, सरपंच संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिलेश्वर यदु, आशीष राजपूत, तेजराम वर्मा, गीतांजलि देवांगन, जिला समन्वयक गीता बंजारे, स्वस्थ पंचायत समन्वयक बसंती रामानंद, तरुण साहू, सुरेखा बैस, कांति साहू, सुनीति गिरिया, पूर्णिमा साहू, ज्योति वर्मा, भागबति पाल, गंगोत्री रजक, गंगा साहू, ऋतु सिंह सहित बड़ी संख्या में मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।

