खैरागढ़. नगर के प्राचीन श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में 10 से 16 फरवरी 2026 तक श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री मंगलमूर्ति धाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री कान्हा जी महाराज एवं श्री देवा जी महाराज के सानिध्य में 5 दिवसीय सपाद लक्ष महा मृत्युंजय यज्ञ, दिव्य महारुद्राभिषेक एवं हनुमंत महाभिषेक संपन्न होंगे।
मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष रामकुमार सिंह व उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी। महोत्सव का शुभारंभ 10 फरवरी को कलश यात्रा, ध्वज पूजन व गौ पूजन से होगा। प्रतिदिन रुद्राभिषेक, यज्ञ, भजन संध्या, प्रवचन, नाम संकीर्तन एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। 15 फरवरी महाशिवरात्रि पर द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 16 फरवरी को हवन-पूर्णाहुति, महाप्रसादी के साथ मंदिर परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगेगा, जहां पहली बार कैंसर जांच मशीन से निःशुल्क जांच व दवाओं का वितरण किया जाएगा।

