खैरागढ़.वन अग्नि के दूरगामी और गंभीर दुष्प्रभावों को देखते हुए खैरागढ़ वनमंडल अधिकारी श्री पंकज राजपूत (भा.व.से.) के नेतृत्व में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत महुआ वृक्ष ब्लेजिंग कर कंट्रोल बर्निंग, दीवार लेखन, पोस्टर चस्पा, गांवों में मुनादी, नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सरपंचों एवं संयुक्त वन प्रबंधन समिति अध्यक्षों को पोस्टकार्ड के माध्यम से अपील की जा रही है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी श्री लाल ली द्विवेदी के विशेष सहयोग से 3 फरवरी 2026 को खैरागढ़ विकासखंड के 37 तथा छुईखदान विकासखंड के 40 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंड्री स्कूलों में छात्र-छात्राओं हेतु वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को “अग्नि सेवा वीर” प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिस पर वनमंडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर होंगे। साथ ही श्री पंकज राजपूत द्वारा स्वरचित पुस्तक एवं “वन अग्नि परिचायिका” भी विद्यार्थियों को वितरित की जाएगी। वन अधिकारियों ने बताया कि वन अग्नि से केवल पेड़-पौधे ही नहीं जलते, बल्कि बीज, घास, झाड़ियाँ, सूखी लकड़ियाँ और भूमि की उर्वरता के लिए आवश्यक पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं। इससे जंगलों का प्राकृतिक पुनरुत्पादन बाधित होता है, जल स्तर घटता है और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचता है। वन्यजीवों का आवास नष्ट होने से मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की आशंका भी बढ़ जाती है।वन अग्नि की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए वनमंडल कार्यालय खैरागढ़ में फॉरेस्ट फायर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी आग की सूचना तत्काल मोबाइल नंबर 9301321797 पर दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनभागीदारी के बिना वन संरक्षण संभव नहीं है और मीडिया के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाकर ही प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है।
Loading...

