गंडई। गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा तथा एक मोटरसाइकिल जप्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि गंडई के कुम्हारपारा वार्ड क्रमांक 10 निवासी मंगल तिवारी अपने वाहन की डिक्की में गांजा छिपाकर बिक्री की फिराक में है। सूचना पर थाना गंडई की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान टावर के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल (सीजी 08 बीई 3339) पर बैठा मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम मंगल तिवारी उम्र 36 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर बाइक की डिक्की में लाल-पीले रंग के कपड़े के थैले में पैक किया हुआ संदिग्ध पदार्थ मिला जिसकी जांच करने पर वह गांजा निकला। पुलिस ने मौके पर 2 किलोग्राम गांजा (कीमती ₹20,000) एवं मोटरसाइकिल (कीमती ₹10,000) सहित कुल ₹30,000 का माल जप्त किया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।
Loading...

