खैरागढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत छुईखदान के केकती बाड़ी मैदान में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 115 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। 115 दूल्हों की बैंड-बाजे के साथ निकली सामूहिक बारात और लगभग एक किलोमीटर का पैदल मार्च आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा, जिसका नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने घराती की भूमिका निभाई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रस्में संपन्न कराईं। नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता व घरेलू सामग्री दी गई। कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रवाल ने बताया कि प्रत्येक कन्या को 35 हजार रुपये की सहायता डीबीटी से प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन में एनएसएस वॉलिंटियर्स का सहयोग सराहनीय रहा और पूरे छुईखदान में उत्सव का माहौल बना रहा।

