खैरागढ़। नगर में बुनियादी सुविधाओं को लेकर समस्याएं सामने आने लगी हैं। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजा सोलंकी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपकर टेम्पो स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की जर्जर स्थिति और एक गली में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। आवेदन में बताया गया है कि शहर के मुख्य टेम्पो स्टैंड पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय काफी खराब हालत में पहुंच चुका है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन बैठने और छाया की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रतीक्षालय की शीघ्र मरम्मत को जनहित में आवश्यक बताया गया है। इसके साथ ही नगर पालिका की ओर जाने वाली गली में शत्रुहन यादव के घर से लेकर दुखित झारिया के घर तक लगभग 10 घरों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। पानी का दबाव कम होने और अनियमित आपूर्ति के कारण रहवासियों को दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजा सोलंकी ने मांग की है कि संबंधित स्थल का निरीक्षण कर जल्द से जल्द प्रतीक्षालय की मरम्मत कार्य स्वीकृत किया जाए तथा पाइपलाइन की जांच कर पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए। जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर अब नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
Loading...

