खैरागढ़। जिले के ग्राम सर्रागोंदी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। एक शिकायत के आधार पर स्कूल में कार्यरत एक महिला शिक्षिका के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय निरीक्षण के दौरान पहुंचे एक पत्रकार के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए थे जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हुई। शिकायतकर्ता ने घटना के दौरान बच्चों से जुड़ी कुछ बातों का भी जिक्र किया है, लेकिन इन सभी बिंदुओं की सत्यता फिलहाल जांच के अधीन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिचोला के प्राचार्य रविंद्र कुमार चावड़ा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला देवरी के प्राचार्य सतीश कुमार टांडेकर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। दैनिक सरस्वती संकेत के संपादक राजेन्द्र सिंह चंदेल की शिकायत के आधार पर 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को सुबह 9 बजे शासकीय प्राथमिक शाला सर्रागोंदी में जांच की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाएगी। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सबकी निगाहें 23 अप्रैल की जांच पर टिकी हुई हैं।
Loading...

