खैरागढ़। नगर के वार्ड नं 15 अमलीडीह क्षेत्र में नदी से हो रहे कथित अवैध उत्खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित वार्ड में लंबे समय से रेत का अवैध खनन जारी है जिससे नदी की प्राकृतिक संरचना पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह गतिविधि लगातार और खुले तौर पर चल रही है जिससे अब जनप्रतिनिधि की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का दावा है कि प्रतिदिन नदी से बड़ी मात्रा में रेत निकाली जा रही है, जिससे नदी का तल तेजी से गहरा होता जा रहा है। विशेषज्ञों की मानें तो अनियंत्रित उत्खनन से जलस्तर में गिरावट, भूमि कटाव और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और आगे क्या कदम उठाता है।
Loading...


