खैरागढ़। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में छुईखदान थाना पुलिस ने ग्राम पुरेना में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया और कुल ₹4650 नगद राशि जब्त की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुरेना के स्कूल के पास मैदान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए ‘काट पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड की। इस दौरान जीतलाल जंघेल (28), लेखराम घुरवे (36) और सूर्यकांत चंदेल (42) को मौके से पकड़ा गया। उनके पास से 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ और ₹2150 नगद जब्त किया गया। इसी दौरान ग्राम पुरेना के ही दूसरे स्थान पर चल रहे जुए पर भी पुलिस ने कार्रवाई की, जहां खेमलाल जंघेल (28), अजय कुमार घुरवे (19), आजाय जांगड़ (45) और मनोहर वर्मा (37) को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के पास से 52 पत्ती ताश और ₹2500 नगद जब्त किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Loading...

