खैरागढ़। नगर में शराब दुकान के आसपास बढ़ती गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। बीती रात शराब दुकान के पास चखना ठेला लगाने वाले बीरू बारले (लगभग 30 वर्ष), निवासी लालपुर, पर कुछ युवकों ने सामूहिक हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बीरू रोज की तरह अपना ठेला लगाए हुए था। इसी दौरान एक युवक चखना लेने पहुंचा। चखना देने के बाद जब बीरू ने उससे पैसे मांगे तो युवक बहस करने लगा और भुगतान से इंकार कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद वह युवक अपने 20-25 साथियों के साथ वापस लौटा और चूड़ा, बीयर की बोतलों तथा बांस के डंडों से बीरू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बीरू संभल नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल थाने पहुंचाया, जहां से पुलिस वाहन के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, बीरू के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नगर में इस तरह की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

