खैरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस खैरागढ़ द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 28,100 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस ने बताया कि पिछले एक माह से आमजन के बीच जनजागरूकता अभियान चलाकर यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी जा रही थी। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खैरागढ़ मुख्य टेंपो चौक में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए देने वाले 09 वाहन स्वामियों, 07 बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों सहित अन्य 05 मामलों में कार्रवाई की गई। कुल 21 प्रकरणों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना वसूला गया। विशेष रूप से नाबालिगों को वाहन देने वाले वाहन स्वामियों से 1000-1000 रुपये का अर्थदंड लिया गया। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा पुलिस का सहयोग करें।
Loading...

