गंडई थाना पुलिस की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गंडई। थाना गंडई क्षेत्र में बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अश्वनी कुमार जांगड़े 53 वर्ष निवासी ग्राम ठढार थाना गंडई ने 9 फरवरी 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अभिषेक गिरी 22 वर्ष निवासी कैम्प-01 भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग ने केनरा बैंक दुर्ग से 36 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल 8 लाख 26 हजार 570 रुपये की ठगी की। आरोपी ने प्रार्थी से नगद 2 लाख 84 हजार 900 रुपये तथा मोबाइल के माध्यम से 2 लाख 21 हजार 950 रुपये अपने नंबर पर ट्रांसफर कराए। इसके अलावा अलग-अलग मोबाइल नंबर एवं खातों में भी रकम जमा करवाई गई, जिसमें रविशंकर हिरवानी के खाते में 89 हजार रुपये, दीक्षा बंधेल के खाते में 1 लाख 20 हजार 240 रुपये सहित अन्य खातों में भी रकम डलवाई गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी अभिषेक गिरी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया। प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी को 9 फरवरी 2026 की रात 8:35 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

