छुईखदान। थाना छुईखदान क्षेत्र में मेडिसिन कंपनी में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले शातिर ठग को केसीजी पुलिस ने लगातार 30 घंटे की मेहनत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रेखचंद जंघेल 28 वर्ष निवासी ग्राम बोरई थाना छुईखदान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला और हुलास कुमार साहू ने दवाई कंपनी में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने तथा दवाई बिक्री पर 30 प्रतिशत कमीशन दिलाने का लालच देकर मई 2021 से जनवरी 2022 के बीच कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी। मामले में 3 फरवरी 2025 को थाना छुईखदान में धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस महानिरीक्षक राजनंदगांव रेंज बालाजी राव के मार्गदर्शन में जिला केसीजी पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगातार 30 घंटे तक अभियान चलाकर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी लोगों को गुमराह करने के लिए लगातार अपना नाम और पता बदल रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई की। आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया। वहीं दूसरे आरोपी हुलास कुमार साहू के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Loading...

