खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में थाना छुईखदान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक लापता नाबालिग बालक और ऑपरेशन तलाश' के तहत एक गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया है।
दादा की डांट से नाराज होकर गया था बालक

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुलीकशा निवासी एक ग्रामीण ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका नाबालिग पुत्र बिना बताए कहीं चला गया है। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों के जाल के जरिए खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद बालक को थाना सोमानी क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि बालक अपने दादा जी की डांट से नाराज होकर काम की तलाश में घर छोड़कर निकल गया था। पुलिस ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया, जिसे देख परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
गुमशुदा महिला भी मिली
इसी प्रकार, पुलिस ने 'ऑपरेशन तलाश' के तहत नवागांव की एक महिला को भी बरामद किया है जो पिछले कुछ समय से लापता थी। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद महिला को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है।
अब तक 14 लोग किए गए बरामद
थाना प्रभारी ने बताया कि जिला पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। छुईखदान पुलिस द्वारा अब तक इन अभियानों के तहत कुल 14 लोगों को बरामद कर उनके घर पहुंचाया जा चुका है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि बिछड़े हुए लोग अपने परिवार से मिल सकें।

