खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलीडीह कला इन दिनों गंभीर शिक्षकीय संकट से जूझ रहा है। दो शिक्षकों के पदोन्नति के बाद विद्यालय अब मात्र एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक तेजराम वर्मा का पदोन्नति उपरांत स्थानांतरण छुईखदान ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बाई कटोरी में किया गया है। वहीं कृष्ण प्रसाद वर्मा को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विक्रमपुर में प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति मिली है। दोनों शिक्षकों के जाने के बाद विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक शेष रह गया है। विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक होने के कारण एक शिक्षक के लिए सभी कक्षाओं का संचालन करना काफी कठिन हो गया है। इस स्थिति में पढ़ाई की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पालकों एवं ग्रामवासियों में भी इस समस्या को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय में जल्द से जल्द अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो और शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण अंचल के बच्चों का भविष्य दांव पर न लगे, इसके लिए प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
Loading...

