पुलिस ने गंभीर धाराओं में भेजा जेल
खैरागढ़। जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोरी निवासी मानदाता लोधी 60 वर्ष ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 16 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक अपने रिश्तेदार के मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। 24 जनवरी को वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा संदूक भी तोड़ दिया गया है। संदूक में रखे करीब 35 हजार रुपये कीमत के सामान अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिए गए थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बीरसिंह वर्मा 30 वर्ष, निवासी धम्मादीप नगर, ईटाभट्ठा चौक, नागपुर महाराष्ट्र बताया। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है तथा विवेचना जारी है।

