खैरागढ़। ग्राम हिरावाही में वर्ष 2023 में हुए चर्चित तालाब हत्याकांड में न्यायालय ने आरोपी को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार तालाब में मछली पालन की चौकीदारी कर रहे अशोक बर्मन और मोहन राय 1 मार्च 2023 की रात झोपड़ी में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी धनंजय बाग वहां पहुंचा और पैसे चोरी का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अशोक बर्मन से मारपीट की और उसे दौड़ाकर तालाब में ले जाकर पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को मौके के पास से ही गिरफ्तार किया। जांच के दौरान भीगे कपड़े और घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। मामले की सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी को सश्रम आजीवन कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई। फैसले के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने प्रभावी विवेचना कर आरोपी को सजा दिलाने में सफलता हासिल की।
Loading...

