
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नगोई में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर में जिला पंचायत सदस्य स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जो किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीमती श्रीवास ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के लोग सबसे अधिक परेशान हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विभागों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बैमा में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल के कारण प्रभावित खपराखोल क्षेत्र के किसानों के लिए आवागमन मार्ग की व्यवस्था करने, ग्राम पंचायत बैमा, नगोई, सेलर, परसदा और पोसरा को बिलासपुर तहसील में बनाए रखने, बैमा-नगोई स्थित महामाया मंदिर के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण तथा विभिन्न स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग रखी।स्मृति श्रीवास ने कहा कि वह पिछले 20 वर्षों से जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की सेवा कर रही हैं, लेकिन वर्तमान में जिन समस्याओं का सामना क्षेत्र की जनता कर रही है, वैसी स्थिति पहले कभी नहीं रही। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। सुशासन तिहार शिविर में विधायक , जिला पंचायत अध्यक्ष , कलेक्टर , वरिष्ठ कांग्रेस नेता , जनपद पंचायत के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर हुई चर्चा और स्मृति श्रीवास की मुखर मांगें लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं।

