खैरागढ़। शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बुधवार शाम नगर के ईतवारी बाजार क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के सामने एक तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अधेड़ कमल नारायण तिवारी (उर्फ बेबे महाराज) की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार किल्लापारा निवासी कमल नारायण तिवारी अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस ने पहले सड़क पर खड़ी एक गाय को टक्कर मारी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और वहां से गुजर रहे कमल नारायण को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और एंबुलेंस का पहिया उनके पेट के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन गंभीर आंतरिक चोटों के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र में बीते छह माह के भीतर एंबुलेंस से जुड़ा यह तीसरा सड़क हादसा है। लगातार हो रही घटनाओं से नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से एंबुलेंस समेत सभी आपातकालीन वाहनों की गति सीमा तय करने और निगरानी व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।

