
बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से बाधित विद्युत आपूर्ति को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि महज 15 मिनट की आंधी-तूफान के बाद से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच लोग पानी और बिजली के लिए परेशान हैं, जबकि सत्ता पक्ष के नेता रील बनाने और दिखावटी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। श्रीवास ने कहा कि पहले भी प्राकृतिक आपदाएं आती थीं, लेकिन 12 से 15 घंटे में हालात सामान्य हो जाते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले दो महीनों से मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती की जा रही थी, फिर भी विभाग आपदा से निपटने में क्यों विफल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं और प्रशासन पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने में भी पूरी तरह असफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक कार्यक्रमों की तरह हर वार्ड और गांव में पानी आपूर्ति और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। त्रिलोक श्रीवास ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कांग्रेस विद्युत विभाग का घेराव करेगी।


