बिलासपुर। शहर के हजारों ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को बड़ी राहत मिली है। ड्रेस कोड और लाइसेंस को लेकर जारी सख्ती के बीच कांग्रेस नेताओं की पहल पर पुलिस अधीक्षक ने समय सीमा बढ़ाते हुए 5 मई तक का अतिरिक्त समय दे दिया है। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर महानगर में करीब 10 हजार से अधिक ई-रिक्शा और ऑटो संचालित हैं। यातायात विभाग द्वारा 25 अप्रैल तक ड्रेस कोड का पालन और लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए थे, साथ ही कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी। इससे परेशान ऑटो चालकों के संघ ने अपनी समस्या कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोकचंद श्रीवास को बताई। चालकों ने बताया कि अधिकांश (करीब 90 प्रतिशत) गरीब परिवार से हैं और कम समय में ड्रेस व लाइसेंस बनवाना उनके लिए आर्थिक रूप से कठिन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता त्रिलोकचंद श्रीवास ने वरिष्ठ नेता प्रमोद नायक, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय और राजेंद्र शुक्ल के साथ ऑटो संघ के प्रतिनिधिमंडल को लेकर पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चालकों को 10 दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि नाबालिग चालकों, अव्यवस्थित पार्किंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था भी सुधर सके। पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मांग को स्वीकार किया और ड्रेस कोड व लाइसेंस के लिए 5 मई तक की नई समय सीमा निर्धारित की। साथ ही उन्होंने ऑटो चालकों के लिए एक बड़ी बैठक व कार्यशाला आयोजित करने की बात भी कही, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो और दुर्घटनाओं में कमी आए। इस अवसर पर ऑटो संघ के अध्यक्ष संजय खुरसायल सहित दुर्गा साहू, रफीक खान, राजा श्रीवास, नायडू भाई समेत बड़ी संख्या में चालक उपस्थित रहे। संघ के पदाधिकारियों और चालकों ने इस पहल के लिए कांग्रेस नेताओं और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
Loading...

