पूर्व विधायक भूनेश्वर बघेल दो दिवसीय उपवास पर बैठे, बोले- बच्चों के भविष्य का सवाल
खैरागढ़। संत बाबा गुरु घासीदास शासकीय नवीन महाविद्यालय, ठेलकाडीह के स्वीकृत भवन का निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज पूर्व विधायक भूनेश्वर शोभाराम बघेल सोमवार सुबह 11 बजे ठेलकाडीह के मिनी माता चौक पर दो दिवसीय उपवास पर बैठ गए। उनके साथ समर्थक और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। बघेल ने कहा कि महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 2 अगस्त 2023 को 4 करोड़ 65 लाख रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन करीब तीन साल बाद भी निर्माण की शुरुआत नहीं हो सकी है। भवन की नींव तक नहीं रखे जाने से विद्यार्थियों को स्कूल भवन में बैठकर कॉलेज की पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
40 गांवों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित
बघेल ने बताया कि संत बाबा गुरु घासीदास शासकीय नवीन महाविद्यालय ठेलकाडीह में 19 जून 2018 से संचालित है। महाविद्यालय में ठेलकाडीह सहित आसपास के करीब 40 गांवों के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्थायी भवन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भवन के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, तो निर्माण कार्य शुरू करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से स्वीकृत राशि का उपयोग कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
बोले- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
पूर्व विधायक बघेल ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि उपवास 11 अगस्त तक जारी रहेगा। इसके बाद भी यदि कॉलेज भवन निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर इसे व्यापक रूप दिया जाएगा। अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपए की स्वीकृति के बावजूद कॉलेज भवन का निर्माण आखिर कब शुरू होगा? विद्यार्थियों और ग्रामीणों की निगाहें अब शासन-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

