खैरागढ़। नगर की जीवनरेखा माने जाने वाले लालपुर स्टॉप डैम की बदहाल स्थिति और बढ़ते जल संकट को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने डैम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डैम पूरी तरह सूखा मिला, जिससे कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

कांग्रेस का आरोप है कि स्टॉप डैम की ऊंचाई बढ़ाने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसका कोई ठोस लाभ नगरवासियों को नहीं मिल रहा है।
गेट सुधार पर आभार, लेकिन जल संकट पर नाराजगी
गौरतलब है कि 15 मार्च को कांग्रेस द्वारा डैम के क्षतिग्रस्त गेट और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रशासन ने गेटों की मरम्मत कर दी है, जिसके लिए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सिंचाई विभाग और प्रशासन का आभार जताया।
हालांकि, डैम में पानी का नामोनिशान नहीं होने और फैली गंदगी को देखकर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई।
करोड़ों खर्च, फिर भी प्यासा शहर
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि गर्मी की शुरुआत में ही डैम का सूख जाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से बड़ी राशि खर्च कर डैम की ऊंचाई बढ़ाई गई, वह पूरी तरह विफल साबित हुआ है। कई वार्डों में पेयजल संकट गहरा रहा है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
डैम में पानी नहीं, कचरे का अंबार
निरीक्षण के दौरान नदी तल में पानी के बजाय पॉलीथिन, शराब की बोतलें और अन्य कचरा पाया गया। कांग्रेस ने नगर पालिका और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वच्छता के दावों की पोल खुल चुकी है।
जिम्मेदारी तय करने की मांग
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि गेटों की मरम्मत के बावजूद जल प्रबंधन पूरी तरह विफल है। करोड़ों खर्च के बाद भी शहर में जल संकट बना रहना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
आंदोलन की चेतावनी
शहर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही डैम में जलभराव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो उग्र जन-आंदोलन किया जाएगा।
निरीक्षण में उपस्थित:
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, सूर्यकांत यादव, पूरन सारथी, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन, रतन सिंगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


