खैरागढ़। छत्तीसगढ़ सरकार के हालिया बजट को लेकर पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि कपिनाथ महोबिया ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जैसे नए जिले के विकास के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया जिससे क्षेत्रवासियों में निराशा है। महोबिया ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जिले के लिए कोई स्पष्ट योजना नहीं दिखाई देती। उन्होंने जिले में उपलब्ध बांस संसाधन का उल्लेख करते हुए कहा कि बांस आधारित उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार दिया जा सकता था लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में आम जनता, किसानों और युवाओं की समस्याओं के समाधान का अभाव है। धान उत्पादन बढ़ने के बावजूद खरीदी कम होने से किसानों को नुकसान हुआ है जबकि रोजगार सृजन को लेकर भी कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया है। महोबिया ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित है और जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आएगा। उन्होंने इसे निराशा और भ्रम का दस्तावेज बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता नहीं बल्कि अन्य हित हावी हैं। उन्होंने अंत में कहा कि यह बजट क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है और खैरागढ़ जिले की जनता की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
Loading...

