खैरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी गंदगी, शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, गांजा सेवन की सामग्री और मवेशियों का डेरा पाए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पाया कि प्रतीक्षालय में नियमित साफ-सफाई का अभाव है। कमरों के भीतर और बाहर शराब की दर्जनों खाली बोतलें बिखरी पड़ी थीं वहीं कई स्थानों पर कचरे और गोबर के ढेर लगे थे।

यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियां टूटी हुई हैं और पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया और चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर सुधार नहीं हुआ तो आमरण अनशन किया जाएगा। उनका कहना था कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय की यह हालत प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है।

डॉ.भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नगर पालिका शहर के बुनियादी ढांचे के रखरखाव में विफल रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी चिंताजनक है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने नगर पालिका और पुलिस प्रशासन पर मौन सहमति का आरोप लगाते हुए कहा कि शासकीय परिसरों में इस तरह की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही हैं, जिससे शहर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए बस स्टैंड पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, यतेंद्रजित सिंह, पुरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, मोहित भांडेकर, महेश यादव, रानू खान, रघुनाथ यादव और सिद्धांत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब देखना यह होगा कि तीन दिन की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन क्या कार्रवाई करता है या मामला आंदोलन का रूप लेता है।

