खैरागढ़। सोशल मीडिया पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक वीडियो वायरल होने से खैरागढ़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी पाटन ने थाना खैरागढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो जानबूझकर उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है। इससे आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वीडियो अपलोड और वायरल करने वाले व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में संबंधित वीडियो का लिंक भी पुलिस को सौंपा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आरती महोबिया, शहर अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर, जिला सचिव रिंकू गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि इस तरह के भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। किसी भी जनप्रतिनिधि की छवि खराब करने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमने प्रशासन से स्पष्ट रूप से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आरती महोबिया ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर इस तरह की गलत जानकारी फैलाना बेहद चिंताजनक है। इससे समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति बनती है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो महिला कांग्रेस भी आंदोलन में शामिल होकर सख्त विरोध दर्ज कराएगी।
Loading...

